डिजिटल डिटॉक्स (Digital Detox) क्या है? फ़ायदे, टिप्स और वैज्ञानिक प्रमाण (2026)

डिजिटल डिटॉक्स (Digital detox) क्या है? स्क्रीन टाइम कम करने के 10 आसान, असरदार टिप्स

 

आज के डिजिटल युग में स्मार्टफोन और डिजिटल डिवाइस हमारी ज़िंदगी का ज़रूरी हिस्सा बन चुके हैं। Bloomberg की एक रिपोर्ट (2025) के अनुसार, भारतीयों ने 2024 में स्मार्टफोन पर लगभग 1.1 ट्रिलियन घंटे बिताए। यानी एक व्यक्ति हर दिन औसतन 5 घंटे स्मार्टफोन के साथ गुज़ारता है। फ़ोन के साथ सुबह की शुरुआत करके सोने के पहले तक का समय मोबाइल, टीवी या लैपटॉप जैसे गैजेट्स रोज़मर्रा की रूटीन का हिस्सा बन चुके हैं।

हालांकि तकनीक ने हमारी ज़िंदगी को आसान और सुविधाजनक बनाया है लेकिन इसका ज़रूरत से ज्यादा इस्तेमाल मानसिक और शारीरिक सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। जिससे लंबे समय में हमारी निजी ज़िंदगी, कॅरियर यहां तक कि रिलेशनशिप भी प्रभावित हो रहे हैं। द हिंदू में प्रकाशित 2025-26 के Economic Survey ने चेतावनी दी है कि डिजिटल एडिक्शन युवाओं की पढ़ाई, प्रोडक्टिविटी और मेंटल हेल्थ पर गंभीर असर डाल रहा है। ऐसे में डिजिटल डिटॉक्स एक ज़रूरी समाधान बनकर उभरता है जो तकनीक के इस्तेमाल को संतुलित कर स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में हमारी मदद कर सकता है।

क्या है डिजिटल डिटॉक्स (Digital detox) ?

डिजिटल डिटॉक्स का मतलब है कुछ समय के लिए किसी भी तरह के डिजिटल डिवाइस जैसे कि स्मार्टफोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, टैबलेट, टीवी वगैरह से दूरी बना लेना। यह डिजिटल डिवाइस से लिया गया एक तरह का ब्रेक है, जिसका मकसद स्क्रीन टाइम को कम करके वास्तविक जीवन से जुड़ना है। यह पूरी तरह से टेक्नोलॉजी से डिस्कनेक्ट होकर भी किया जा सकता है या फिर सिर्फ़ कुछ ऐप्स या डिवाइसेज के समय को सीमित करके भी किया जाता है।

आज के डिजिटल युग में लगातार आने वाले नोटिफिकेशन्स, स्क्रोलिंग, बिंज वॉचिंग की वजह से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक तौर पर थका थका सा महसूस करता है। एनर्जी की कमी होती है अपने रोज़मर्रा के कामों में ध्यान नहीं दे पाता। लंबे समय तक ख़ुद को किसी एक काम में एकाग्र नहीं रख पाता। इससे नींद आने में भी कठिनाई होती है जो रिश्तों पर भी असर डालता है। कुल मिलाकर कहा जाए तो डिजिटल बर्नआउट जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में बेहतर स्वास्थ्य के लिए डिजिटल डिटॉक्स एक ज़रूरी समाधान के तौर पर देखा जा रहा है।

https://www.webmd.com/balance/what-is-digital-detox

डिजिटल डिटॉक्स के फ़ायदे

JAMA Network Open में प्रकाशित एक रिसर्च में पाया गया की एक हफ्ते के सोशल मीडिया ब्रेक से स्ट्रेस में 16 फीसद की कमी जबकि डिप्रेशन में 24 फीसद की कमी देखी गई। इसके साथ ही नींद न आने की समस्या में भी लाभ देखा गया। National Institutes of Health के अनुसार, दो हफ़्ते का डिजिटल डिटॉक्स स्मार्टफोन एडिक्शन को काम करता है साथ ही से स्ट्रेस में भी कमी आती है। इसी तरह Georgetown University के एक रिसर्च में पाया गया कि स्क्रीन टाइम काम करना मेंटल हेल्थ को बेहतर बनाने में Cognitive Behavioral Therapy (CBT) जितना सरदार हो सकता है।

मोबाइल या लैपटॉप पर आने वाली नोटिफिकेशन्स, स्क्रोलिंग, बिंज वॉचिंग कम होने से व्यक्ति का रियल लाइफ इंटरैक्शन बढ़ता है। यानी वह अपने परिवार दोस्तों और करीबियों के लिए समय निकाल पाता है। इसके अलावा वह अपने हॉबी और स्किल को डेवलप करने में भी समय दे पता है। स्क्रीन से निकलने वाली ब्लू लाइट से नींद के लिए ज़रूरी मेलाटोनिन हॉर्मोन पर भी असर नहीं पड़ता जिसे नींद गहरी और अच्छी आती है। नींद बेहतर होने से अपने आप स्वास्थ्य में सुधार आता है।

डिजिटल डिटॉक्स से कंसंट्रेशन बढ़ता है जिससे किसी भी काम को अच्छे तरीके से करने में मदद मिलती है यानी व्यक्ति की प्रोडक्टिविटी बढ़ती है। इस तरह से देखा जाए तो इससे न सिर्फ़ स्ट्रेस कम होता है बल्कि यह व्यक्ति की ओवरऑल हेल्थ के लिए बहुत फ़ायदेमंद साबित होता है।

 

डिजिटल डिटॉक्स कैसे करें? (Step-by-Step Guide)

डिजिटल डिटॉक्स कोई अचानक से किया गया फ़ैसला नहीं होना चाहिए वरना यह ज़्यादा कारगर साबित नहीं होगा। क्योंकि हम जिस चीज से ख़ुद को रोकते हैं मन बार-बार उसी ओर भागता है। इसके लिए छोटे-छोटे बदलाव से शुरुआत करनी होगी। स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए यह छोटे कदम बहुत ज़्यादा असरदार होते हैं। इसके लिए कुछ आसान तरीके हैं जिन्हें आजमाया जा सकता है…

1.स्क्रीन टाइम लिमिट सेट करें

आज के ज़्यादातर स्मार्ट फ़ोन्स में स्क्रीन टाइम का इनबिल्ट फीचर आता है। Screen Time (iPhone) या Digital Wellbeing (Android) का इस्तेमाल कर अपने स्क्रीन टाइम को ट्रैक करें, इससे पता चल जाएगा कि हमारा टाइम कहां कितना जा रहा है। इसका अगला कदम है- स्क्रीन टाइम लिमिट सेट करना। ग़ैर ज़रूरी ऐप्स, गेमिंग और सोशल मीडिया के रोजाना इस्तेमाल की लिमिट सेट करें जिससे सेल्फ़ डिसिप्लिन में मदद मिलेगी।

2.नोटिफिकेशन बंद करें

आपने यह महसूस किया होगा कि फोन तो दूर रखते हैं लेकिन फोन पर आने वाले अलग-अलग नोटिफिकेशन्स आपका ध्यान खींच रहे हैं। ग़ैरज़रूरी ऐप्स के नोटिफिकेशन्स ऑफ़ करने से बार-बार फोन चेक करने की आदत कम करने में मदद मिलती है।

3.डिजिटल फ़ास्ट रखें

दिन के कुछ घंटे या हफ़्ते में एक दिन फ़ोन और दूसरे डिजिटल डिवाइसेज को बंद रखें। शुरू में ड्यूरेशन कम रखें और धीरे-धीरे से बढ़ाते जाएं जैसे हर दिन 2 घंटे से शुरू करके हफ़्ते में एक दिन ख़ुद को पूरी तरह से डिजिटली डिस्कनेक्ट करें। इस तरह के डिजिटल फास्ट स्क्रीन टाइम कम करने में बहुत मदद कर साबित होते हैं।

4.सुबह और रात का नियम बनाएं

‘पॉवर आफ सबकॉन्शियस माइंड’ नामक बेस्ट सेलर बुक के लेखक जोसेफ मर्फी ने अपनी किताब में बताया है कि सुबह उठने के बाद का पहला घंटा और रात में सोने के पहले का आख़िरी घंटा बहुत इंपॉर्टेंट होता है। इस दौरान हम जो काम करते हैं वह हमारे सबकॉन्शियस माइंड को सबसे ज़्यादा प्रभावित करता है। ऐसे में इस समय का इस्तेमाल ऐसे कामों में करें जो मन को सुकून दे जैसे कि एक्सरसाइज, किताब या अपने प्रियजनों के साथ समय बिताना। इस दौरान पूरी तरह से डिजिटल डिवाइस से दूर रहें।

5.ऑफलाइन एक्टिविटी बढ़ाएं

किसी भी आदत को एकदम से बंद करना व्यावहारिक रूप से मुमकिन नहीं है। ऐसे में ज़रूरी हो जाता है बुरी आदतों को नई और अच्छी आदतों से रिप्लेस करना। जो समय आप फ़ोन को देते थे उस समय में आप कुछ और कर सकते हैं। एक्सरसाइज, मेडिटेशन या किसी आउटडोर स्पोर्ट्स में हिस्सा लेना काफ़ी अच्छा रहता है। इसके अलावा किताबें पढ़ना, गार्डनिंग, पेंटिंग, डांस या इसी तरह की दूसरी हॉबीज को समय देने से आप उतने समय के लिए स्क्रीन टाइम को मिस नहीं करेंगे। इसके साथ ही दोस्तों और क़रीबी लोगों के साथ फेस टू फेस मिलना और बातें करना भी डिजिटल डिटॉक्स को आसान बनाने में मददगार साबित होता है।

इसके अलावा सोशल मीडिया ऐप्स को अपनी होम स्क्रीन से हटाएं, जिससे बार-बार यह ऐप आपका ध्यान अपनी ओर आकर्षित न कर पाएं। फोन में दिए गए फीचर ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ मॉड का इस्तेमाल कर अपने काम में फोकस कर सकते हैं। फ़ोन को चार्ज करना हो तो दूसरे कमरे में चार्ज में लगाएं, जिससे बार-बार फोन पर ध्यान न जाए। घर में एक ख़ास जगह ‘नो फोन ज़ोन’ बनाएं जहां पर कोई भी फ़ोन या दूसरे डिजिटल गैजेट्स का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा।

हालांकि डिजिटल डिटॉक्स के दौरान शुरुआत में बहुत सारी चुनौतियां सामने आ सकती हैं। इसमें FOMO (Fear of Missing Out) एक बड़ी चुनौती है। यानी हर वक़्त ऑनलाइन अवेलेबल और अपडेटेड रहने का जो प्रेशर है कि कहीं कोई न्यूज या ट्रेंड छूट न जाए। इससे निकलना सबसे ज़रूरी है। आपको यह ध्यान रखना होगा कि आप एक इंसान हैं और आपको हमेशा अपडेटेड रहने और पल-पल की ख़बर रखने की ज़रूरत नहीं है।

इसके अलावा बार-बार फ़ोन चेक करने की आदत भी धीरे-धीरे ही छूटती है। कई बार आपको अकेलापन महसूस हो सकता है ऐसे समय में आप अपने करीबी और प्रियजनों के ऑफ़लाइन संपर्क में रहें। याद रखें कि डिजिटल डिटॉक्स कोई ट्रेंड नहीं बल्कि आपके स्वस्थ और सुखी जीवन का एक ज़रिया बन सकता है।

 

FAQs

1.डिजिटल डिटॉक्स क्या है?

डिजिटल डिवाइस से कुछ समय के लिए दूरी बनाना।

2.क्या डिजिटल डिटॉक्स फायदेमंद है?

हाँ, यह मानसिक स्वास्थ्य, नींद और फोकस को बेहतर बनाता है।

3.कितने समय के लिए करना चाहिए?

1–2 घंटे से शुरुआत करके धीरे-धीरे बढ़ा सकते हैं।

© प्रीति खरवार

 

डिजिटल बर्नआउट (Digital burnout) के बारे में जानने के लिए यहां पढ़ें..

https://www.duniyahindime.com/digital-burnout-kya-hai/

Priti Kharwar

प्रीति खरवार एक स्वतंत्र लेखिका हैं, जो शोध-आधारित हिंदी-लेखन में विशेषज्ञता रखती हैं। बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में परास्नातक प्रीति सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों में विशेष रुचि रखती हैं। निरंतर सीखने और सुधार के प्रति समर्पित प्रीति का लक्ष्य हिंदी भाषी पाठकों को उनकी अपनी भाषा में जटिल विषयों और मुद्दों से सम्बंधित उच्च गुणवत्ता वाली अद्यतन मानक सामग्री उपलब्ध कराना है।

Leave a Comment