‘ना’ कहना इतना मुश्किल क्यों लगता है? जानिए इसके पीछे का मनोविज्ञान और आसान समाधान
हमें बचपन से सिखाया जाता है कि त्याग, सेवा, मदद और परोपकार जैसे गुण मनुष्य में होना उसे अधिक मानवीय बनाते हैं। किसी व्यक्ति के अच्छा इंसान बनने के लिए यह बेहद ज़रूरी होते हैं। समाज ऐसे ही लोगों को पसंद करता है जिनमें ये सारी विशेषताएं होती हैं। इस तरह की तमाम बातें कभी धर्म के आधार पर तो कभी कर्म के आधार पर इस तरह से दिमाग में डाल दी जाती हैं कि व्यक्ति चाह कर भी इन्हें मन से निकाल नहीं पाता।
त्याग, सेवा, परोपकार जैसे गुण एक स्वस्थ और सभ्य समाज की नींव हैं। इसमें कोई शक़ नहीं कि ये गुण किसी व्यक्ति को बेहतर इंसान बनने में सहायता प्रदान करते हैं लेकिन इसके साथ ही यह जानना भी ज़रूरी है कि किसी भी चीज की अति ख़तरनाक होती है। जब दूसरों की मदद करने की इच्छा अपनी ज़रूरतों, सीमाओं और मानसिक स्वास्थ्य की कीमत पर होने लगे, तब यह व्यक्ति के लिए तनाव, थकान और भावनात्मक बोझ का कारण बन सकती है।
अच्छा इंसान बनने की इसी कंडीशनिंग के चलते बहुत से लोगों के लिए ज़रूरत पड़ने पर भी “न” कहना मुश्किल हो जाता है। समय, ऊर्जा और संसाधन नहीं होने के बावजूद वह किसी भी काम के लिए मना नहीं कर पाते। इसके पीछे केवल सोशल कंडीशनिंग ही नहीं बल्कि मनोवैज्ञानिक कारण भी होते हैं। यहां यह जानना भी ज़रूरी है कि ज़रूरत पड़ने पर “न” कहना स्वार्थ नहीं है बल्कि बेहतर मानसिक स्वास्थ्य, स्वस्थ रिश्ते और संतुलित जीवन के लिए ज़रूरी स्किल है।
‘ना’ कहना इतना मुश्किल क्यों लगता है?
दरअसल ‘न’ कहना केवल शब्द नहीं है बल्कि यह एक तरीके का भावनात्मक कदम है, जहां व्यक्ति अपने लिए स्टैंड लेता है। लेकिन यह सब के लिए इतना आसान नहीं होता है। इसके पीछे बहुत सारी वजहें हैं जिनमें से कुछ नीचे दी गई हैं..
1.कई लोगों को इस तरह का स्टैंड लेने में डर लगता है क्योंकि उन्हें लगता है कि सामने वाला नाराज़ हो जाएगा, रिश्ता खराब हो जाएगा या फिर लोग उसे स्वार्थी समझेंगे। इस वजह से वह अपनी ज़रूरतों और इच्छाओं के पहले दूसरे की अपेक्षाओं को प्राथमिकता देने लगता है।
2.एक और वजह होती है बचपन की परवरिश और सामाजिक सांस्कृतिक कारक। बच्चों पर शुरू से ही बड़ों की बात मानने और “अच्छा बच्चा” बने रहने का एक अदृश्य दबाव डाला जाता है। जब वह बात मानकर काम करता है तो उसे शाबाशी मिलती है जबकि अगर वह “न” कह देता है तो उसे डांटा जाता है और कई बार शारीरिक/मानसिक दुर्व्यवहार तक किया जाता है। इस तरह बार-बार मिलने वाले reinforcement की वजह से यह उसका बिहेवियरल पैटर्न बन जाता है।
3.जैसा कि हम सभी जानते हैं मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है इसलिए हम सभी समाज का अनुमोदन चाहते हैं। यहीं बात आती है रिजेक्शन की, व्यक्ति को यह लगता है कि “न” कहने से लोग हमें रिजेक्ट कर देंगे तो वहीं पर People pleasing करने लगते हैं। इस तरह से स्ट्रेस से बचने के लिए इस तरह का पैटर्न बना लेते हैं।
इस लेख में जानिए People pleasing क्या है..
https://www.duniyahindime.com/people-pleasing-kya-hai/
4. बहुत से लोगों को लगता है कि “न” कहने पर उन्हें स्वार्थी कहा जाएगा और उनके नाम के साथ यह टैग जुड़ जाएगा। कोई भी व्यक्ति स्वार्थी कहलाना पसंद नहीं करता है। अपनी इमेज अच्छी बनाने और बनाए रखने के लिए लोग हर किसी को आसानी से हां कह देते हैं और उनकी बात मान लेते हैं।
5.“न” कहने के बाद होने वाले गिल्ट से बचने के लिए भी कुछ लोग “हां” कह देते हैं। Manuel J. Smith की क्लासिक किताब When I Say No, I Feel Guilty में बताया गया है कि यह एक अर्जित किया हुआ व्यवहार है, यानी इसे सीखा जाता है यह जन्मजात नहीं होता है।
6. जब व्यक्ति में आत्मविश्वास नहीं होता है या फिर आत्मसम्मान कम होता है तो वह हमेशा दूसरों से स्वीकृति चाहता है। उसकी इमेज दूसरों की राय पर निर्भर करने लगती है। ऐसे में People pleasing की आदत विकसित हो जाती है इसलिए वह किसी को “न” नहीं कह पाता।
7. कुछ लोग किसी भी तरह का विवाद नहीं चाहते हैं। अब क्योंकि “न” कहने के बाद उन्हें उसको जस्टिफाई करना होगा, उसका कारण बताना होगा ऐसे में इन सब उलझनों से बचने के लिए वह चुपचाप “हां” कह देते हैं। हालांकि वे इससे तुरंत होने वाले संघर्ष से तो बच जाते हैं लेकिन लंबे समय में यह उनके स्ट्रेस को बढ़ाने का काम करता है।
जानिए स्ट्रेस से बचने के आसान और असरदार तरीके..
https://www.duniyahindime.com/stress-kaise-kam-kare-tips-hindi/
हमेशा “हाँ” कहने से आप लगातार स्ट्रेस में रहते हैं, जो एक दिन burnout का रूप ले लेता है। लगातार अपनी बाउंड्रीज को नज़रअंदाज़ करने से आत्मसम्मान कम होता है। दूसरों को खुश करने के चक्कर में अपनी प्राथमिकताएं पीछे रह जाती हैं, जो न सिर्फ़ निजी तौर पर बल्कि कॅरियर और रिलेशनशिप पर भी असर डालता है। आपको यह समझना होगा कि “न” कहना स्वार्थी होना नहीं है बल्कि हेल्दी बाउंड्रीज सेट करना सेल्फ केयर का एक रूप है। Self-Determination Theory के अनुसार, यह intrinsic motivation और well-being बढ़ाता है।
‘ना’ कहना कैसे सीखें?
1.“न” कहना सीखने के लिए सबसे पहले अपनी प्राथमिकताएं सेट करना ज़रूरी है। जब आप अपने हर दिन का टास्क या टू-डू लिस्ट बना लेते हैं तो आपके सबकॉन्शियस माइंड पर एक तरह का स्ट्रेस (Eustress) होता है। ऐसे में अचानक किसी के कुछ कहने पर आप तुरंत “हां” नहीं कहेंगे बल्कि उस समय आपको अपने काम और उस दिन के अन्य टारगेट याद आएंगे।
2. किसी भी बात या प्रस्ताव का जवाब तुरंत देने के बजाय उसे टालने की कोशिश करें, इससे मानसिक दबाव कम होता है। आप यह भी कह सकते हैं कि मैं सोच कर बताऊंगी/बताऊंगा। इससे तुरंत होने वाला दबाव कम हो जाता है और बहुत बार बाद में वह परिस्थिति ही ख़त्म हो जाती है।
https://positivepsychology.com/how-to-say-no/
3. जब आपका पहले से निर्धारित कार्यक्रम हो या प्राथमिकताएं हों, तो उन्हें स्पष्ट शब्दों में बताते हुए आप सामने वाले को “न” कह सकते हैं। यहां आपका जवाब छोटा, स्पष्ट और विनम्र होना चाहिए। हालांकि हर बार “न” कहने के लिए कोई कारण बताना ज़रूरी नहीं है। इसके बिना भी आप सामने वाले को मना कर सकते हैं।
4. हर बार जब हम ग़ैर ज़रूरी चीजों के लिए “हां” कहते हैं तब ठीक उसी वक़्त हम ज़रूरी काम को “न” कह रहे होते हैं। अपने समय, संसाधन और ऊर्जा का महत्त्व पहचानें और इन्हें किस पर खर्च करना है- उसके लिए अच्छे से सोच विचार करें।
5. जब किसी चीज को हां कहें तो उसके पहले ख़ुद से पूछें कि “क्या मैं रिश्ता टूटने के डर से “हां” कह रही/रहा हूं? क्या उस रिश्ते की आपकी ज़िंदगी में इतनी ज़्यादा अहमियत है? अगर हां तो क्या उसकी जिंदगी में आपकी भी उतनी ही अहमियत है? सच्चाई यह है कि जो आपको अहमियत देंगे, वे आपके समय, ऊर्जा, वैल्यू, ज़रूरतों और प्राथमिकताओं को भी समझेंगे।
“न” कहना रिश्ते तोड़ना नहीं है बल्कि स्वस्थ और सम्मानजनक रिश्ते बनाए रखना है। जब आप अपनी बाउंड्रीज को समझते हैं,, उनका सम्मान करते हैं तो दूसरे भी उन्हें महत्त्व देते हैं। ज़रूरत पड़ने पर विनम्रता से “न” कहना अपने आत्म सम्मान,, मानसिक सुकून और बेहतर जीवन जीने की दिशा में बेहद ज़रूरी कदम है।
Healthy boundaries कैसे बनाएं इसके लिए यह लेख पढ़ सकते हैं…
https://www.duniyahindime.com/healthy-boundaries-kaise-banaye/
FAQ
1. क्या “न” कहना ग़लत है?
नहीं। सम्मान और विनम्रता से “न” कहना healthy boundaries का हिस्सा है।
2. “न” कहते समय अपराधबोध क्यों होता है?
यह बचपन की conditioning, people pleasing, low self-esteem या rejection fear से जुड़ा होता है।
3. क्या “न” कहना रिश्ते खराब कर देता है?
स्वस्थ रिश्ते healthy boundaries का सम्मान करते हैं। बार-बार अनचाहा “हाँ” लंबे समय में तनाव पैदा करता है।
4. Assertiveness सीखी जा सकती है?
हां। Practice, self-awareness और training से ज़्यादातर लोग इसे सीख सकते हैं।
© प्रीति खरवार



